नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के नामों की सूची तैयार कर ली है। इस सूची में भारतीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा और पहलवान विनेश फोगाट का नाम भी शामिल है। इसके साथ ही टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता मरियप्पन थंगावेलू के लिए भी पुरस्कार चयन समिति द्वारा खेल रत्न के लिए सिफारिश की गई है।
यह संभावना जतायी जा रही है कि इस बार राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह कोरोना वायरस महामारी के कारण ऑनलाइन आयोजित हो सकते हैं, जिसमें सभी विजेता अपने अपने स्थानों से 29 अगस्त को लॉग इन करके अपने नामों की घोषणा होते हुए सुनेंगे।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार खेल दिवस के मौके पर 29 अगस्त को दिये जाते हैं, जो महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का जन्मदिन है। राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार और ध्यानचंद पुरस्कार शामिल हैं, जो हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति देते हैं। बैठक के पहले दिन सोमवार को द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कारों के लिए क्रमश: 13 और 15 उम्मीदवारों के नाम की सिफारिश की गई।